हरिद्वार: हरिद्वार के मेला अस्पताल परिसर स्थित जिला अस्पताल में देर रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर जमकर हंगामा, पत्थरबाजी और तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। पूरी वारदात अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, देर रात दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद दोनों पक्ष मेडिकल परीक्षण कराने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि रात करीब 12 बजे अस्पताल परिसर में दोनों पक्षों के बीच एक बार फिर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
इमरजेंसी में घुसे लोग, बाहर से हुआ हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक पक्ष के लोग जान बचाने के लिए भागकर अस्पताल की इमरजेंसी में घुस गए। इसके बाद इमरजेंसी के बाहर बड़ी संख्या में पहुंचे दूसरे पक्ष के लोगों ने हमला बोल दिया। हालात बिगड़ते देख अस्पताल कर्मियों ने तत्काल इमरजेंसी का लोहे का गेट बंद कर दिया।
वायरल वीडियो में कई लोग हाथों में ईंट-पत्थर और धारदार हथियार लिए दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोग इमरजेंसी के बाहर पत्थर फेंकते नजर आ रहे हैं, जबकि एक व्यक्ति हेलमेट पहनकर हाथ में धारदार लोहे का हथियार लहराता दिखाई देता है। वीडियो में वह इमरजेंसी का गेट खोलने का प्रयास भी करता नजर आता है।
इमरजेंसी के शीशे तोड़े, अस्पताल में घुसने की कोशिश
मेला अस्पताल के सीएमएस डॉ. शशिकांत ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में बड़ी संख्या में लोग अस्पताल की ओर आते दिखाई दे रहे हैं। कई लोगों के हाथों में ईंट-पत्थर और लोहे के धारदार हथियार नजर आ रहे हैं। भीड़ ने इमरजेंसी कक्ष के शीशों पर पथराव कर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया और अस्पताल में घुसने का प्रयास किया।
उन्होंने बताया कि ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने समय रहते सूझबूझ का परिचय देते हुए इमरजेंसी का गेट बंद कर दिया, जिससे हमलावर अंदर प्रवेश नहीं कर सके। इससे अस्पताल में भर्ती मरीजों और चिकित्साकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकी।
पुलिस ने शुरू की जांच
जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश गुप्ता ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दे दी गई है। अस्पताल प्रशासन पुलिस को सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध करा रहा है, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने कहा कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। यदि यह मामला महिला पर फायरिंग की घटना से जुड़ा पाया जाता है तो संबंधित मुकदमे में भी जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल में हंगामा और मारपीट करने वाले सभी लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल अस्पताल परिसर में हुई इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।






