मसूरी: पहाड़ों की रानी मसूरी स्थित एमपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। विश्वविद्यालय स्तर पर प्रस्तावित छात्रसंघ चुनाव कार्यक्रम के तहत कॉलेज प्रशासन ने भी चुनावी प्रक्रिया को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। मंगलवार देर शाम से कॉलेज में आदर्श आचार संहिता लागू किए जाने की तैयारी है, जिसके बाद परिसर में चुनावी गतिविधियां और राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ने की संभावना है।
एमपीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील पंवार ने बताया कि मंगलवार शाम चार बजे कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया बंद कर दी जाएगी। इसके बाद कॉलेज प्रशासन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी, जिसमें छात्रसंघ चुनाव से जुड़ी व्यवस्थाओं और रणनीति पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
29 सितंबर को मतदान, 24 सितंबर से नामांकन की संभावना
प्राचार्य ने बताया कि विश्वविद्यालय की ओर से 29 सितंबर को छात्रसंघ चुनाव प्रस्तावित हैं। इसी क्रम में एमपीजी कॉलेज में भी उसी दिन मतदान कराया जाएगा। संभावित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 24 सितंबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो सकती है। मतदान संपन्न होने के बाद उसी दिन मतगणना कर परिणाम घोषित करने की तैयारी की जा रही है।
एसडीएम राहुल आनंद की निगरानी में होंगे चुनाव
कॉलेज प्रशासन के अनुसार छात्रसंघ चुनाव कॉलेज के प्रशासक एवं एसडीएम राहुल आनंद के नेतृत्व में संपन्न कराए जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर दिया जाएगा।
प्राचार्य ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान किसी भी बाहरी व्यक्ति को कॉलेज परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। केवल अधिकृत छात्रों और संबंधित अधिकारियों को ही परिसर में प्रवेश दिया जाएगा।
पहचान पत्र दिखाने पर ही मिलेगा वोट डालने का अधिकार
छात्रसंघ चुनाव में मतदान का अधिकार केवल उन्हीं विद्यार्थियों को मिलेगा, जिनके पास कॉलेज द्वारा जारी वैध पहचान पत्र होगा। मतदान से पहले प्रत्येक छात्र के पहचान पत्र की जांच की जाएगी। कॉलेज प्रशासन ने छात्रों से चुनाव संबंधी सभी नियमों और निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस से मांगा सहयोग
चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मसूरी पुलिस को भी पत्राचार किया गया है। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि किसी भी बाहरी या असामाजिक तत्व को चुनावी माहौल प्रभावित करने का मौका नहीं दिया जाएगा। इसके लिए कॉलेज परिसर और आसपास अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
प्राचार्य डॉ. सुनील पंवार ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और चुनाव नियमावली का पूरी सख्ती से पालन कराया जाएगा। कॉलेज प्रशासन का लक्ष्य शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी छात्रसंघ चुनाव संपन्न कराना है।
छात्रसंघ चुनाव की तारीख नजदीक आते ही कॉलेज परिसर में चुनावी माहौल बनने लगा है और विभिन्न छात्र संगठन भी अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं।






