हरिद्वार: गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में शनिवार, 31 अक्टूबर की सुबह कुलसचिव के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुलपति कार्यालय के बाहर कुछ कर्मचारियों ने कुलसचिव सत्यदेव निगमालंकार के साथ मारपीट की। बताया जा रहा है कि उन्हें जमीन पर गिराकर पीटा गया। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में हंगामा मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा मौके पर पहुंचीं। इसके बाद वह घायल कुलसचिव को लेकर कनखल कोतवाली पहुंचीं, जहां उनका मेडिकल कराया जा रहा है। वहीं, कर्मचारी यूनियन से जुड़े लोग भी मेडिकल कराने के लिए पहुंचे हैं।
15 दिनों से चल रहा था कर्मचारियों का आंदोलन
जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय में पिछले कई दिनों से सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे थे। इसके बाद शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ से जुड़े कर्मचारी भी आंदोलन में शामिल हो गए थे। करीब 15 दिनों से चल रहा यह आंदोलन शुक्रवार रात आपसी समझौते के बाद समाप्त हुआ था।
हालांकि, शनिवार सुबह एक बार फिर कर्मचारियों और कुलसचिव के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हंगामे का रूप ले लिया और मारपीट की घटना हो गई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएंगे: कुलपति
कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने बताया कि कुछ कर्मचारियों ने मारपीट की है, लेकिन वह घटना के समय मौके पर मौजूद नहीं थीं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जाएगी। फिलहाल घायल कुलसचिव को मेडिकल के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
कनखल कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि कुलसचिव को मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा गया है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। पूछताछ के बाद मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से जानकारी जुटा रही है। मेडिकल रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और शिकायत मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।







