देहरादून: उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से फरार चल रहे गिरधारी लाल को विशेष जांच दल (SIT) ने उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार किया। इस मामले में उनके भतीजे सतेंद्र राठौर को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों पर फर्जी हस्ताक्षर और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर चार कंपनियों में रेखा आर्या को निदेशक पद से हटाने का आरोप है।
गिरधारी लाल साहू के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी था। पुलिस और एसआईटी की टीमें उत्तराखंड समेत कई राज्यों में उनकी तलाश कर रही थीं। पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गिरधारी लाल को झांसी से और उनके भतीजे सतेंद्र राठौर को बरेली के जोगी नवादा से गिरफ्तार किया गया। एसआईटी दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
नेपाल भागने की फिराक में था गिरधारी लाल
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरधारी लाल झांसी से गोरखपुर होते हुए नेपाल भागने की फिराक में था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में अलग-अलग पुलिस टीमें लगाई गई थीं। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से उनकी लोकेशन का पता लगाया गया।
इस मामले की जांच एसपी ग्रामीण प्रथम के पर्यवेक्षण में गठित नौ सदस्यीय एसआईटी कर रही थी। टीम का नेतृत्व जया बलूनी कर रही हैं।
रेखा आर्या ने पति के खिलाफ दर्ज कराया था मुकदमा
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की शिकायत पर देहरादून की कैंट कोतवाली में उनके पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में उन्होंने मारपीट, उत्पीड़न, धोखाधड़ी, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने, जान से मारने की धमकी देने और हत्या की साजिश जैसे गंभीर आरोप लगाए थे।
रेखा आर्या ने यह आरोप भी लगाया था कि गिरधारी लाल ने अपनी पहली शादी की जानकारी छिपाकर उनसे विवाह किया। इसके अलावा कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षरों और कूटरचित दस्तावेजों के जरिये उन्हें कंपनियों के निदेशक पद से हटाया गया।
चार कंपनियों से निदेशक पद से हटाने का आरोप
एसआईटी की जांच के दौरान गवाहों के बयान और दस्तावेजों के आधार पर सामने आया कि गिरधारी लाल ने अपने भतीजे सतेंद्र राठौर के साथ मिलकर कथित तौर पर रेखा आर्या के फर्जी हस्ताक्षर किए और कूटरचित दस्तावेज तैयार किए। इन दस्तावेजों के आधार पर उन्हें चार कंपनियों के निदेशक पद से हटाकर सतेंद्र राठौर को निदेशक बनाए जाने का आरोप है।
ये चार कंपनियां हैं:
- देवों के देव महादेव
- बनखंडी रुद्राक्ष धाम
- श्री अंबे ऑटो डीलर्स प्राइवेट लिमिटेड
- श्री बनखंडी धाम डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड
जांच में सतेंद्र राठौर की कथित संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने उसे भी इस मुकदमे में आरोपी बनाया।
तीन नोटिस के बावजूद जांच में नहीं हुए शामिल
पुलिस के अनुसार, जांच में शामिल होने के लिए गिरधारी लाल साहू को तीन नोटिस भेजे गए थे, लेकिन वह पूछताछ के लिए उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद न्यायालय से उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट हासिल किया गया। उनकी अग्रिम जमानत याचिका भी खारिज हो चुकी थी। वहीं, हाईकोर्ट ने उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे को खारिज करने से भी इनकार कर दिया था।
गिरधारी लाल के खिलाफ 44 मुकदमे दर्ज होने का दावा
पुलिस के मुताबिक, जांच में यह भी जानकारी सामने आई कि गिरधारी लाल साहू के खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, बलवा और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 44 मुकदमे दर्ज हैं।
एसएसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी गिरफ्तारी की जानकारी
देहरादून के एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए तथ्यपरक एवं गुणवत्तापूर्ण जांच के लिए नौ सदस्यीय एसआईटी गठित की गई थी। विवेचना के दौरान संबंधित ऑडियो क्लिप कब्जे में ली गईं और विभिन्न गवाहों के बयान दर्ज किए गए।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 61 वर्षीय गिरधारी लाल साहू पुत्र रामस्वरूप, निवासी श्री बनखंडी नाथ मंदिर, बरेली और 40 वर्षीय सतेंद्र राठौर पुत्र हरिप्रसाद, निवासी जोगी नवादा, बरेली के रूप में की है।
फिलहाल एसआईटी दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में प्राप्त दस्तावेजों, ऑडियो क्लिप और गवाहों के बयानों के आधार पर आगे की जांच जारी है।







