मसूरी: देहरादून-मसूरी मार्ग पर भट्टा फॉल के पास रविवार को एक एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मोड़ पर अनियंत्रित हुई एंबुलेंस सड़क किनारे बने पैराफिट को तोड़ते हुए खाई की ढलान पर जा पहुंची। गनीमत रही कि वाहन नीचे गहरी खाई में गिरने के बजाय एक बड़े पत्थर पर अटक गया। इससे बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना में एंबुलेंस चालक और हेल्पर को हल्की चोटें आई हैं।
पैराफिट तोड़कर ढलान पर अटकी एंबुलेंस
जानकारी के अनुसार, श्री हरि एंबुलेंस सर्विस की एंबुलेंस संख्या UK 14 TA 0775 उत्तरकाशी से देहरादून की ओर जा रही थी। इसी दौरान भट्टा फॉल के पास एक तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। एंबुलेंस सड़क किनारे बने पैराफिट को तोड़ते हुए खाई की ढलान पर पहुंच गई और एक पत्थर में फंसकर रुक गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। यदि एंबुलेंस पत्थर पर नहीं रुकती तो वह गहरी खाई में गिर सकती थी।
चालक और हेल्पर को आई हल्की चोटें
हादसे में एंबुलेंस चालक हृदय नंद यादव पुत्र हरि नारायण यादव, निवासी पटेल नगर, देहरादून और हेल्पर नितिन पुत्र साहब सिंह, निवासी रामराज, उत्तर प्रदेश को हल्की चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने पर एंबुलेंस को बाहर निकालने के लिए क्रेन बुलाई गई। काफी मशक्कत के बाद वाहन को सुरक्षित सड़क पर निकाल लिया गया।
ब्रेक नहीं लगने से अनियंत्रित हुई एंबुलेंस
मसूरी पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोड़ पर ब्रेक नहीं लगने के कारण एंबुलेंस अनियंत्रित हुई थी। पुलिस हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
भट्टा फॉल के पास तीखे मोड़ बने हादसों का खतरा
देहरादून-मसूरी मार्ग पर भट्टा फॉल के आसपास सड़क पर कई तीखे मोड़ और ढलान हैं। ऐसे में यहां वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। इस हादसे में एंबुलेंस का पत्थर पर अटक जाना राहत की बात रही, वरना वाहन गहरी खाई में गिर सकता था।







