
सुरक्षा, यातायात और जनसुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
चमोली। आगामी 14 से 20 नवंबर तक आयोजित होने वाले 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। सोमवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने गौचर मेला मैदान पहुंचकर विभिन्न व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेला मैदान, मुख्य पंडाल, मंच, प्रदर्शनी स्थल, स्टॉल, प्रवेश एवं निकासी द्वार, पार्किंग तथा यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों को मेले के शुभारंभ से पूर्व सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
सुरक्षा और यातायात पर विशेष जोर
पुलिस अधीक्षक ने मेले के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, अस्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारू रखने और पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने अग्निशमन, स्वच्छता और अन्य जनसुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि गौचर मेला जनपद चमोली की सांस्कृतिक पहचान और गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। मेले में पहुंचने वाले स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और पर्यटकों की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
इस दौरान उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग अलकेश नौडियाल, प्रभारी निरीक्षक विनोद थपलियाल, चौकी प्रभारी गौचर मानवेंद्र गुसाईं सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।







