श्री बद्रीनाथ धाम में दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच नन्हीं अग्रिमा अचानक अपने माता-पिता से बिछड़ गई। चारों ओर अनजान चेहरों और भीड़ के बीच मासूम बच्ची अकेली और मायूस खड़ी थी। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों की नजर बच्ची पर पड़ी। उन्होंने बच्ची से बात की तो उसने अपने माता-पिता से बिछड़ने की बात बताई।
पुलिस जवानों ने बिना देर किए बच्ची के परिजनों की तलाश शुरू की और तुरन्त पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से लाउडहेलर पर लगातार अनाउंसमेंट कराया गया, ताकि बच्ची के परिजनों तक सूचना पहुंच सके।
काफी देर की तलाश और अनाउंसमेंट के बाद बच्ची के परिजन पुलिस के पास पहुंचे। अपनी बेटी को सकुशल पाकर परिजनों ने पुलिस जवानों की संवेदनशीलता और मानवीय व्यवहार के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।







