नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में कैंची धाम के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। निगलाट क्षेत्र में एक स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त कार में पांच लोग सवार थे। दुर्घटना में कार चालक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी कार सवार उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
रात के अंधेरे में SDRF ने चलाया रेस्क्यू अभियान
जानकारी के मुताबिक, नैनीताल पुलिस कंट्रोल रूम को देर रात सूचना मिली कि कैंची धाम के पास निगलाट में एक कार गहरी खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट खैरना से उप निरीक्षक देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
हादसे का स्थान काफी दुर्गम था। ऐसे में रात के अंधेरे और करीब 200 मीटर गहरी खाई में रेस्क्यू अभियान चलाना टीम के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था। इसके बावजूद SDRF के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
एक युवक की मौत, चार लोग घायल
SDRF की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद खाई में पहुंचकर कार सवार पांचों लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी को सुरक्षित सड़क तक पहुंचाया गया और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भवाली ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद 29 वर्षीय अनुज तिवारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल चार अन्य लोगों का उपचार जारी है।
SDRF के उप निरीक्षक देवेंद्र कुमार ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही खैरना पोस्ट से टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई थी। मौके पर पहुंचकर तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया गया और सभी पांचों लोगों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
मृतक और घायलों का विवरण
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान अनुज तिवारी (29 वर्ष), पुत्र लक्ष्मी नारायण तिवारी, निवासी ग्राम शेखपुर, बरेली के रूप में हुई है। वह दुर्घटनाग्रस्त कार का चालक था।
घायलों में सनी (23 वर्ष), पुत्र तेजराम, निवासी ग्राम मिल कॉपर, बरेली; रवि, पुत्र दिनेश मौर्य, निवासी बरेली; संचित, पुत्र हृदय नारायण तिवारी, निवासी ग्राम शेखपुर, बरेली और संदीप शर्मा, पुत्र रामकुमार शर्मा, निवासी बरेली शामिल हैं।
दुर्घटनाग्रस्त स्विफ्ट डिजायर कार का पंजीकरण नंबर UP 25 EJ 4586 बताया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।







