देहरादून: पूर्व भारतीय क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह गुरुवार को देहरादून पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। क्रिकेट जगत में टर्बनेटर के नाम से मशहूर हरभजन सिंह ने मुख्यमंत्री आवास पर सीएम धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच उत्तराखंड में खेलों के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने सहित विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा हुई।
सीएम धामी ने की हरभजन सिंह के खेल करियर की सराहना
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरभजन सिंह का स्वागत करते हुए भारतीय क्रिकेट में उनके उल्लेखनीय योगदान, खेल के प्रति समर्पण और शानदार उपलब्धियों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी बेहतरीन स्पिन गेंदबाजी के दम पर विश्व क्रिकेट में विशिष्ट पहचान बनाने वाले हरभजन सिंह का खेल जीवन युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
वहीं, हरभजन सिंह ने भी मुख्यमंत्री के साथ हुई मुलाकात को लेकर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके आवास पर मुलाकात करने का अवसर मिला। इस दौरान प्रदेश में खेलों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने, खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने, उन्हें बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा राज्य में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास को लेकर सार्थक चर्चा हुई।
हरभजन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री से मिलकर और खेलों के भविष्य को लेकर अपने विचार साझा करके उन्हें बेहद अच्छा लगा।
AAP छोड़ BJP में शामिल हुए थे हरभजन सिंह
पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह वर्तमान में राज्यसभा सांसद हैं। उन्होंने मार्च 2022 में आम आदमी पार्टी (AAP) के टिकट पर पंजाब से राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण की थी। इसके बाद 24 अप्रैल 2026 को उन्होंने आम आदमी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्यता ले ली थी।
हरभजन सिंह ने आम आदमी पार्टी छोड़ने के पीछे पंजाब में खेलों को बढ़ावा देने और नशे की समस्या जैसे मुद्दों पर अपनी बात को अनसुना किए जाने को वजह बताया था।
हरभजन सिंह का क्रिकेट करियर रहा शानदार
हरभजन सिंह का जन्म 3 जुलाई 1980 को पंजाब के जालंधर में हुआ था। उन्होंने 1995-96 में पंजाब की अंडर-16 क्रिकेट टीम से अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत की। इसके बाद 1997-98 सीजन में रणजी ट्रॉफी में पदार्पण किया।
हरभजन सिंह ने 25 मार्च 1998 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था। वहीं, 17 अप्रैल 1998 को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में पदार्पण किया। उन्होंने 1 दिसंबर 2006 को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना पहला टी-20 इंटरनेशनल मैच खेला था।
हरभजन सिंह ने भारतीय टीम के लिए 103 टेस्ट मैच खेले, जिनमें उनके नाम 417 विकेट दर्ज हैं। इसके अलावा उन्होंने 236 वनडे मुकाबलों में 269 विकेट हासिल किए, जबकि 28 टी-20 इंटरनेशनल मैचों में 25 विकेट लिए।
टर्बनेटर और भज्जी के नाम से मशहूर हैं हरभजन
हरभजन सिंह भारत के महान ऑफ स्पिन गेंदबाजों में शुमार रहे हैं। अपनी घातक स्पिन गेंदबाजी और शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खास पहचान बनाई। उन्हें प्रशंसक प्यार से ‘भज्जी’ कहते हैं, जबकि पगड़ी पहनने और गेंदबाजी के अंदाज के कारण वह ‘टर्बनेटर’ के नाम से भी दुनिया भर में मशहूर हैं।







