हल्द्वानी: विश्व प्रसिद्ध बाबा नीब करौरी महाराज के कैंची धाम स्थापना दिवस मेले का शुभारंभ रविवार सुबह मंदिर में विशेष आरती और पूजा-अर्चना के साथ हो गया। बाबा के दरबार में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। देश-विदेश से पहुंचे हजारों श्रद्धालु बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन के लिए लंबी कतारों में अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। पूरे क्षेत्र में भक्ति और श्रद्धा का माहौल देखने को मिल रहा है।
15 जून की सुबह मंदिर के कपाट खुलने के साथ ही दर्शन का सिलसिला शुरू हो गया। मेले की पूर्व संध्या से ही श्रद्धालुओं का कैंची धाम पहुंचना शुरू हो गया था। मंदिर परिसर के बाहर देर रात से ही लंबी कतारें लग गई थीं। श्रद्धालु भजन-कीर्तन, हनुमान चालीसा और बाबा के जयकारों के साथ दर्शन की प्रतीक्षा करते नजर आए।
हर वर्ष की तरह इस बार भी मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए नैनीताल पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जिला पुलिस के साथ एसडीआरएफ, एटीएस, बम निरोधक दस्ता, एलआईयू और अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। तीन जिलों के एसएसपी और एसपी स्तर के अधिकारी, सात अपर पुलिस अधीक्षक, 14 क्षेत्राधिकारी और वायरलेस विभाग के अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। श्रद्धालुओं की सहायता और सुरक्षा के लिए करीब 1500 से अधिक पुलिस एवं पैरामिलिट्री फोर्स के जवान विभिन्न स्थानों पर तैनात किए गए हैं।
मंदिर परिसर, पार्किंग स्थलों, शटल सेवा केंद्रों और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। पुलिस द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या सुरक्षा संबंधी चुनौती से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। कैंची धाम की ओर जाने वाले मार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भीमताल, भवाली, सैनिटोरियम, नैनीताल, खैरना, अल्मोड़ा, हल्द्वानी और काठगोदाम से नॉन-स्टॉप शटल सेवाएं संचालित की जा रही हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निजी वाहनों से आने वाले श्रद्धालुओं को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़ा करने के बाद शटल सेवा के माध्यम से ही कैंची धाम पहुंचना होगा। इसके अलावा कैंची धाम रूट पर संचालित वाहनों के लिए विशेष येलो स्टीकर व्यवस्था लागू की गई है, जिससे यातायात संचालन को व्यवस्थित और सुचारू बनाया जा सके।
एसएसपी नैनीताल ने सभी श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने, धैर्य बनाए रखने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन के लिए आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित दर्शन का अनुभव मिल सके।

कैंची धाम स्थापना दिवस मेले के अवसर पर पूरे क्षेत्र में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। बाबा के दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस लगातार व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में जुटे हुए हैं।






