रुड़की: हरिद्वार जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान गंगाजल खंडित होने के बाद हंगामा हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आक्रोशित कांवड़ियों ने एक स्थानीय युवक के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाकर बड़ी घटना होने से बचा लिया।
घटना दरियापुर गांव के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, एक स्थानीय युवक से कांवड़ियों का गंगाजल खंडित हो गया। इसके बाद उत्तर प्रदेश के सरसावा क्षेत्र से आए कांवड़ यात्री भड़क गए और युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। कुछ ही देर में मौके पर तनावपूर्ण माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पिरान कलियर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। वहीं स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया, “युवक से गंगाजल खंडित हो गया था, जिसके बाद मारपीट की घटना हुई। मारपीट में एक युवक घायल हुआ है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। कांवड़ियों को समझा-बुझाकर और दोबारा जल लाकर उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया है।”
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल, सीओ सुमित पांडेय और पिरान कलियर कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कांवड़ यात्रियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया।
पुलिस ने विशेष पहल करते हुए एक पुलिसकर्मी को कांवड़ यात्री के साथ हरकी पैड़ी भेजा, जहां से दोबारा गंगाजल भरवाया गया। इसके बाद कांवड़ को पुनः स्थापित कर श्रद्धालुओं को उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि समय रहते हस्तक्षेप कर लिया गया, जिससे संभावित बड़ा बवाल टल गया। फिलहाल क्षेत्र में शांति है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए हरिद्वार जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की है।







