चमोली: उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में शुक्रवार सुबह एक दुखद हादसा हो गया। तप्त कुंड में स्नान के दौरान राजस्थान से दर्शन करने आईं दो बुजुर्ग महिला तीर्थ यात्रियों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं धार्मिक आस्था के तहत लगातार डुबकी लगा रही थीं, तभी वे अचानक बेहोश होकर कुंड में गिर गईं। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
राजस्थान से दर्शन के लिए पहुंचा था श्रद्धालुओं का दल
बदरीनाथ थानाध्यक्ष महादेव उनियाल के अनुसार राजस्थान से श्रद्धालुओं का एक दल चार सितंबर को बदरीनाथ धाम पहुंचा था। शुक्रवार तड़के चार महिलाएं और एक पुरुष तप्त कुंड में स्नान करने पहुंचे। स्नान के बाद पुरुष मंदिर की ओर चला गया, जबकि चारों महिलाएं तप्त कुंड में धार्मिक मान्यता के अनुसार डुबकियां लगाने लगीं।
108 डुबकियां लगाने के दौरान बिगड़ी तबीयत
जानकारी के मुताबिक महिलाएं तप्त कुंड में 108 बार डुबकी लगाने की परंपरा का पालन कर रही थीं। इसी दौरान दो बुजुर्ग महिलाओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश होकर कुंड के भीतर गिर पड़ीं। आसपास मौजूद श्रद्धालुओं और कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
सुबह पांच बजे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार यह घटना सुबह करीब पांच बजे की है। दोनों महिलाएं तप्त कुंड में स्नान कर रही थीं, तभी वे बेहोशी की हालत में कुंड के अंदर मिलीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और मंदिर प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
मृतकों की हुई पहचान
मृतक महिलाओं की पहचान 63 वर्षीय प्रेमा देवी पत्नी मदन और 71 वर्षीय रामू देवी पत्नी अमर के रूप में हुई है। दोनों राजस्थान की निवासी थीं और बदरीनाथ धाम में दर्शन के लिए आई थीं। घटना के बाद धाम में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और श्रद्धालुओं में चिंता फैल गई।
परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार
थानाध्यक्ष महादेव उनियाल ने बताया कि मृतक महिलाओं के परिजनों ने पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई नहीं कराने का अनुरोध किया है। परिजन दोनों शवों को अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार ले जाना चाहते हैं। प्रशासन आवश्यक अनुमति और कागजी औपचारिकताएं पूरी कर रहा है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील
इस दुखद घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने श्रद्धालुओं से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। खासकर बुजुर्गों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे यात्रियों को तप्त कुंड में स्नान के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।
बदरीनाथ धाम में हुई इस घटना ने श्रद्धालुओं को झकझोर दिया है। आस्था और श्रद्धा के साथ-साथ स्वास्थ्य और सुरक्षा का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।







