हरिद्वार: बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां एक युवक और नाबालिग किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बहादराबाद क्षेत्र के 20 वर्षीय युवक और 15 वर्षीय किशोरी के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। बताया जा रहा है कि दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन अलग-अलग जाति के होने के कारण परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। इस वजह से दोनों परिवारों के बीच विवाद की स्थिति भी बनी हुई थी।
जानकारी के मुताबिक, 14 सितंबर को दोनों ने कथित तौर पर कोई संदिग्ध पदार्थ निगल लिया। इसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। युवक की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां जौलीग्रांट अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं किशोरी का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा था, लेकिन उसने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
स्कूल से लौटने के बाद घर से निकली थी किशोरी
परिजनों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, किशोरी कक्षा 9 की छात्रा थी और एक राजकीय इंटर कॉलेज में पढ़ती थी। सोमवार को स्कूल से घर लौटने के बाद उसने अपनी दादी से दुकान से कोल्ड ड्रिंक लाने की बात कही और घर से निकल गई।
बताया जा रहा है कि उसी दौरान युवक भी अपने घर से बाहर गया था। प्रारंभिक जानकारी में दोनों के जंगल की ओर जाने और वहां कोई खौफनाक कदम उठाने की बात सामने आई है। बाद में दोनों अपने-अपने घर लौट आए, लेकिन कुछ समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।
पुलिस कर रही मामले की जांच
मंगलवार को दोनों की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
बहादराबाद कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। जांच में दोनों के संदिग्ध पदार्थ निगलने की बात सामने आई है, लेकिन घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
पुलिस दोनों पक्षों के परिजनों से पूछताछ कर रही है और मामले के हर पहलू की पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।







